बीकानेर (मुकेश रामावत): ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान चकजोड़ निवासी सुश्री सजना (पुत्री मामराज नायक) ने अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उनके राशन कार्ड में गलत आधार सीडिंग होने के कारण उन्हें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर वे लंबे समय से परेशान थीं। सुश्री सजना द्वारा समस्या से अवगत करवाते ही शिविर में उपस्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रवर्तन अधिकारी ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौके पर ही राशन कार्ड में सही आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूर्ण करवाई। परिणामस्वरूप उनकी समस्या का तत्काल समाधान हो गया। जो कार्य सामान्यतः घंटों अथवा कई दिनों में पूरा होता, वह शिविर की बदौलत कुछ ही मिनटों में संपन्न हो गया। समस्या का समाधान होते ही सुश्री सजना एवं उनके पिता श्री मामराज नायक के चेहरे खुशी से खिल उठे। प्रशासन की त्वरित, पारदर्शी एवं जन हितैषी कार्य प्रणाली से प्रभावित होकर सुश्री सजना और उनके पिता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनbलाल शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव आयोजित किए जा रहे ऐसे सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन शिविरों के माध्यम से बिना सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए आमजन की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
3/related/default