रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): जालोर-सिरोही लोकसभा के पूर्व सांसद देवजी पटेल ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत गुजरात के सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचाररत राजस्थान के मरीजों को समयबद्ध स्वीकृति एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराने की मांग की है। देवजी पटेल ने बताया कि जालोर-सिरोही सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के कई मरीज गुजरात के सूचीबद्ध अस्पतालों, विशेषकर अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में कैंसर, हृदय रोग तथा अन्य गंभीर बीमारियों का उपचार करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों द्वारा उपचार संबंधी स्वीकृति के लिए प्रकरण राजस्थान स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाते हैं, लेकिन समय पर अनुमति नहीं मिलने से कई मरीजों को निजी स्तर पर उपचार का खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सांचौर निवासी सात वर्षीय यश कुमार का उल्लेख करते हुए बताया कि बालक कैंसर से पीड़ित है और अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में उपचाररत है। आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद आवश्यक स्वीकृतियां समय पर नहीं मिलने से परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि अनेक मरीज इसी प्रकार की परेशानियों से गुजर रहे हैं।
देवजी पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का उद्देश्य पात्र नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए गंभीर रोगों के उपचार में प्रशासनिक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से गुजरात सहित अन्य राज्यों के सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचाररत राजस्थान के मरीजों के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि सभी पात्र मरीजों को समय पर स्वीकृति और योजना का पूरा लाभ मिल सके।