जयपुर: डॉक्टर्स डे पर एसएमएस में सेवा दे रही डॉ.सपना शर्मा (डर्मेटोलॉजिस्ट) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमेशा दिन रात मरीजों की सेहत का ख्याल रखने वाले डॉक्टर्स खुद की सेहत का ख्याल रखना भूल जाते हैं। उनका कहना हैं कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य दोनों जरूरी हैं। आजकल व्यस्त दिनचर्या के कारण डॉक्टर्स मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, हृदय रोग, माइग्रेन, स्लिप डिस्क आदि बीमारियों से ग्रसित होते है। साथ ही डिप्रेशन, चिड़चिड़ापन, नींद नहीं आना, काम में मन नहीं लगना, गुस्सैल प्रवृति आदि कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। डॉ.शर्मा ने अपनी दिनचर्या के बारे में बताया कि वह प्रात: 5 बजे उठ जाती हैं, उठते ही ईश्वर को प्रणाम करती हैं। इसके बाद 2-3 किमी. दौड़ लगाती हैं और 45 मिनट के लिए व्यायाम करती हैं। सुबह के नाश्ते में ड्राई फ्रूट्स एवं अन्य प्रोटीनयुक्त आहार लेती हैं। फिर अपनी ड्यूटी के लिए हॉस्टिपल निकल जाती हैं। दोपहर में संतुलित आहार लेती हैं, दिन में भरपूर मात्रा में पानी पीती हैं।
शाम को भी 30 मिनट के लिए गार्डन में घूमने जाती हैं, परिवार के लोगों के साथ समय बिताती है एवं मंदिर जाती हैं। स्ट्रेस दूर करने के लिए गाने सुनती हैं। मोबाइल स्क्रीन का उपयोग कम से कम करती हैं। शाम के खाने में हल्का आहार लेती हैं एवं रात्रि में 11 बजे से पहले सो जाती है। डॉ.सपना ने सभी चिकित्सकों से भी इस तरह की दिनचर्या का पालन करने का आव्हान किया हैं।