श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर: केन्द्रीय कानून मंत्री व रेल मंत्री ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नई रेलगाड़ियां चलाकर बहुत बड़ी सौगात दी है, जिसके लिए सभी क्षेत्रवासी आभारी हैं। 21 जून 2026 को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव तथा कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को रेल सेवा संघर्ष समिति श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष तोलाराम मारू ने रेल सेवा संबंधित ज्ञापन बीकानेर जाकर दिए। ज्ञापन में 4 मांगे रखी गई।
1. ज्ञापन में मांग की गई कि रतनगढ़ से फतेहपुर तक तीस किलोमीटर रेल पटरी डलवाई जावे तथा बाद मे रतनगढ़ से फतेहपुर सीधी रेल सेवा शुरू की जाये। इससे बीकानेर-श्रीडूंगरगढ़- रतनगढ़ के यात्रियों को एक घंटा समय की बचत होगी। रेलवे का ईधन खर्च भी कम होगा, यात्री भार बढ़ेगा, जिससे राजस्व भी बढ़ेगा।
2. बीकानेर गोहाटी वाया नापासर-सूडसर-श्रीडूंगरगढ़-राजलदेसर-रतनगढ़-चुरू-सीकर-जयपुर-गोविन्द पुरी-रगीया-गोहाटी रेल सेवा शुरू की जाये। इस मार्ग पर कोई भी बीकानेर गोहाटी रेल सेवा नहीं है। इस संदर्भ में राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, सीकर सांसद ने भी इस रेल सेवा को शुरू करने का रेलमंत्री को निवेदन किया बताया है।
3. आज से पन्द्रह वर्ष पूर्व मीटर गेज लाइन पर बीकानेर-नापासर-सूडसर -श्रीडूंगरगढ-रतनगढ-चुरू-जयपुर रेल सेवा शुरू थी। ब्रोडगेज लाइन डालने के कारण यह रेल सेवा बंद हो गई, जो अब तक पुनः शुरू नहीं हुई। अतः पुनः बीकानेर-जयपुर वाया नापासर-सूडसर-श्रीडूंगरगढ़-रतनगढ़-चुरू-फतेहपुर-जयपुर रेल सेवा शुरू करने की मांग की गई।
4. बीकानेर प्रयागराज रेल सेवा बीकानेर श्रीडूंगरगढ़ -रतनगढ़-चुरू-फतेहपुर-सीकर-जयपुर होकर नियमित चलाई जावे।
5. सम्पूर्ण भारत में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है लेकिन बीकानेर जिले के सैकड़ों गांव आज भी रेल सेवा से वंचित है। अतः लूनकरनसर से वाया कालू-गुसांईसर-श्रीडूंगरगढ़-बाना-रीडी-धर्मास-सुजानगढ़ तक डीपीआर तैयार कर विशेष बजट देकर रेल पटरी बिछाई जाये। रेल सेवा शुरू की जाये, जिससे हनुमान गढ-श्रीगंगानगर के लोगों को सीधा मार्ग मिलेगा, जिससे सालासर बालाजी, खाटू श्याम जी के श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी, दूरी भी काफी कम हो जायेगी।
सभी मांगों के अलग-अलग ज्ञापन रेल मंत्री अश्विनी वेष्णव तथा कानून मंत्री अर्जुन राम को दिये गये। उल्लेखनीय है कि तोलाराम मारू निरन्तर जनहित में रेल सेवा विस्तार सुविधा हेतु प्रयत्न शील है। रेल सेवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष तोलाराम मारू के साथ सामाजिक कार्यकर्ता थानमल भाटी, पप्पू सिंह राठौड़ भी बीकानेर गये। रेलमंत्री अश्विनी वेष्णव तथा कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से सकारात्मक वार्ता हुई।