जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, झालाना डुंगरी में कंचन देवी मेमोरियल ट्रस्ट के सहयोग से एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। शिविर के दौरान रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक पुनीत महरोत्रा एवं अतुल वर्मा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिनके योगदान से शिविर का सफल संचालन संभव हो सका। कंचन देवी मेमोरियल ट्रस्ट ने सभी रक्तदाताओं, अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष शरद हिंगड ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
*रक्तदान – महादान, जीवनदान*