नगर वन 20 हेक्टेयर भूमि पर होगा भव्य पार्क विकसित, प्रथम चरण क़े 80 लाख क़े बजट की स्वीकृति

AYUSH ANTIMA
By -
0


श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (तोलाराम मारू): क्षेत्रवासियों के लिए पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात देते हुए श्रीडूंगरगढ़ में “नगर वन” परियोजना को स्वीकृति मिली है। परियोजना के प्रथम चरण हेतु लगभग 80 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने मुख्यमंत्री, वन मंत्री एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया है। विधायक सारस्वत ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और कंक्रीट के विस्तार के बीच “नगर वन” परियोजना क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति से जोड़ने का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने बताया कि बीदासर रोड एवं जयपुर-बीकानेर रोड के पास लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होने वाला यह “नगर वन” आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। यहां ऑक्सीजन पार्क, थीम पार्क, बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष क्षेत्र, घपप्राकृतिक वॉकिंग ट्रैक, सेल्फी पॉइंट, जल संरक्षण व्यवस्था, पौधरोपण क्षेत्र एवं विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष विकसित किए जाएंगे। विधायक सारस्वत ने कहा कि पिछले दो वर्षों से इस परियोजना को धरातल पर लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। राज्य सरकार एवं वन विभाग के सहयोग से अब यह सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह परियोजना श्रीडूंगरगढ़ को हरित पहचान देने के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता और पर्यटन की दृष्टि से भी नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि “हरित श्रीडूंगरगढ़” का संकल्प सभी के सहयोग से ही साकार होगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!