12 जून से शुरू होगा शहरी सेवा शिविर अभियान, 15 जुलाई तक होंगे शिविर आयोजित

AYUSH ANTIMA
By -
0

झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 12 जून से शहरी सेवा शिविर अभियान प्रारंभ होगा, जो 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि अभियान के तहत जिले की सभी नगरीय निकायों के कार्यालयों में वार्डवार शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा तथा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 5 बजे तक संबंधित नगर पालिका कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान अनुमोदित योजनाओं के पट्टों एवं अन्य लंबित प्रकरणों का निस्तारण, उप विभाजन, पुनर्गठन, भूमि उपयोग परिवर्तन, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करना, यूडी टैक्स जमा करवाने की सुगम व्यवस्था, भवन निर्माण स्वीकृति तथा नामांतरण संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस तथा सीवर कनेक्शन से संबंधित प्रकरणों का भी निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहरों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत, पेचवर्क कार्य, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण के कार्य भी अभियान के दौरान किए जाएंगे। साथ ही नालियों एवं फेरोकवर की मरम्मत, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक भवनों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। शिविरों में अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के नए आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे तथा लंबित प्रकरणों में ऋण वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!