बीकानेर: जिले के आग लगने की चार से पांच घटनाओं में न केवल पशुधन अकाल मौत के शिकार हुए है बल्कि तीन जने भी झुलस गये है। इतना ही नहीं आगजनी की घटना में दो झोपड़ों में रखा घरेलू सामान, गहने व नकदी भी जलकर राख हो गया। देशनोक थाना क्षेत्र के पारवा गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर के कच्चे छप्परों में भीषण आग लग गई। इस घटना में दो गाय और दो बछड़ों की जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। यह घटना पारवा निवासी सुखराम गोदारा के घर में हुई। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दो कच्चे छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के समय छप्परों में मवेशी बंधे हुए थे और भारी मात्रा में पशु चारा (तूड़ी) रखा हुआ था।सूखा चारा होने के कारण आग तेजी से फैली, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में लगभग 50 क्विंटल तूड़ी जलकर राख हो गई। इसके अतिरिक्त, घर में रखा अन्य कीमती सामान भी नष्ट हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल नगर पालिका देशनोक के निवर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा को सूचना दी। मूंधड़ा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही देशनोक और नोखा से एक-एक दमकल गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना की गई। देशनोक अग्निशमन वाहन के ड्राइवर मनोहर दान और फायरमैन सुनीता सैनी ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस प्रशासन और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने पटवारी और राजस्व टीम को नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द सहायता रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
*आग ने उजाड़ा गरीब का आशियाना*
जिले के लूणकरणसर थाना इलाके में एक झोपड़़े में आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी मिली है कि रोझा के वार्ड 4 निवासी नानक राम कुम्हार की झोपड़ी में अचानक आग भभक गई। इस घटना में कुम्हार के घर में रखा खाने का सामान, बर्तन, कपड़े सहित रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली वस्तुएं जलकर खाक हो गई। हालांकि आग लगने का अभी तक स्पष्ट कारण तो सामने नहीं आया है किन्तु आग की इस घटना से आर्थिक रूप से पहले से ही कमजोर नानकराम की कमर तोड़ दी। हालात यह है कि अब उसके पास खाने के भी लाले पड़ रहे है। बताया जा रहा है कि तेज हवाओं ने आग के लपटों को इतनी ताकत दी कि देखते ही देखते पूरी झोपड़ी जल गई। उधर नापासर थाना क्षेत्र में भी एक झोपड़े में आग लगने से हडकंप सा मच गया। बताया जा रहा है कि कैलाश गंवारिया के झोपड़े में लगी आग से घरेलू सामान के साथ गहने व नकदी भी जल गये। आसपास के लोगों ने नल पानी के टैकरों की मदद से आग पर काबू पाया। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
*ट्रांसफार्मर से आग, दो गाय, तीन बछड़ों की मौत*
जिले के बज्जू क्षेत्र के तेजपुरा गांव में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। इस घटना में दो गाय और तीन बछड़ों की जलकर मौत हो गई। आग से एक घर की बाड़, गायों का कच्चा छपरा और एक झोंपड़ा भी जलकर राख हो गया, जिससे घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और पानी के टैंकरों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई। केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम के लिए बॉर्डर क्षेत्र की ओर जा रही एक दमकल को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार मदन सिंह यादव, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुमन नागपाल और पटवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की, जिसके बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। तहसीलदार मदन सिंह यादव ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल को बुलाया गया था। तेज हवा के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई। उन्होंने पटवारी को मौके का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। नियमानुसार राहत और मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुमन नागपाल ने बताया कि यदि पशुपालक ने मुख्यमंत्री मंगला बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है,तो बीमा कंपनी की ओर से भी मुआवजा प्रदान किया जाएगा।