रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के प्रचार-प्रसार एवं कृषि-पशुपालन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए संचालित ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, पशुपालकों एवं आमजन को योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच मिल रहा है।
*इन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचा ग्राम विकास रथ*
ग्राम रथ अभियान के तहत शुक्रवार को बैरठ, तड़वा, केशवना, आलासन, ऊण, धाणसा, सेरणा, जोड़वाड़ा, तवाब, लूर, कागमाला, चितरोड़ी, आलड़ी, चवरछा, वणधर, रोपसी व पलादर ग्राम पंचायत में भ्रमण कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
*लोक कला, डिजिटल प्रस्तुति और जनसंवाद से योजनाओं की मिल रही उपयोगी जानकारी*
ग्राम रथों के साथ कला जत्थों के कलाकारों द्वारा लोकगीतों, भजनों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं का रोचक प्रचार-प्रसार किया जा रहा हैं। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने जहां ग्रामीणों का मनोरंजन किया, वहीं योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर उन्हें जागरूक किया। ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए। ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दी जा रही हैं।
*संध्या चौपालों में ग्रामीणों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी*
ग्राम रथ अभियान के तहत सिलासन, वणधर व मोदरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित संध्या चौपालों के दौरान लोक कलाकारों द्वारा विविध योजनाओं तथा विशेष कर कृषि, खेती की उन्नत तरीके, खाद का उपयोग, मृदा जांच आदि की जानकारी मनोरंजक तरीके से किए गए संवाद के माध्यम से दी गई। अपनी स्थानीय बोली में मनोरंजन के साथ-साथ महत्वपूर्ण जानकारियाँ ग्रामवासियों को लाभान्वित कर रही है।