झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भादरा के मलसीसर क्षेत्र में मामूली किराए के विवाद को लेकर 16 वर्षीय नाबालिग रजत शर्मा के साथ कथित रूप से हुई जघन्य मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में ब्राह्मण समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री राजस्थान के नाम जिला कलेक्टर झुंझुनूं के मार्फत ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि रोडवेज बस के कंडक्टर एवं कुछ असामाजिक तत्वों ने मामूली विवाद को लेकर नाबालिग बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए बेरहमी से मारपीट की। घटना में बच्चे के चेहरे, आंखों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे पूरे समाज में रोष फैल गया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि राजस्थान जैसी संस्कार और मानवता की धरती पर इस प्रकार की घटना बेहद शर्मनाक है। सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों, विशेषकर बच्चों के साथ हिंसक व्यवहार कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ज्ञापन में कहा गया कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में असुरक्षा और आक्रोश और बढ़ेगा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले में शामिल सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही घटना में शामिल आरोपी रोडवेज कंडक्टर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए तथा पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। ब्राह्मण समाज झुंझुनूं द्वारा दिए गए ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गुंडागर्दी यह दर्शाती है कि अपराधियों में कानून और प्रशासन का भय समाप्त होता जा रहा है। समाज ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर विप्र सेना प्रमुख एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजस्थान महेश बसावतिया ने कहा कि समाज किसी भी कीमत पर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि एक मासूम बच्चे को एक रूपये के विवाद में लहूलुहान कर देना मानसिक विकृति और अमानवीयता की पराकाष्ठा है। प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान पवन कुमार शर्मा देरवाला, शिवचरण पुरोहित, सुरेन्द्र शर्मा प्रिंसिपल, पवन शर्मा टाइपिस्ट, नीरज शर्मा, गोपी राम पुरोहित सहित,ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समाज के लोगों ने प्रशासन से बस स्टैंड और सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की।
एक रूपये के किराए ने मचाया बवाल: नाबालिग की बेरहमी से पिटाई पर फूटा जनाक्रोश
By -
May 11, 2026
0
Tags: