जन कल्याणकारी योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहे ग्राम रथ

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत रविवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्ण और आकर्षक कार्यक्रम हुए। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योजनाओं की जानकारी लेने के साथ-साथ इनका लाभ भी लिया जा रहा है।
*इन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचा ग्राम विकास रथ*
ग्राम रथ अभियान के तहत रविवार को बालवाड़ा, आंवलोज, थलूण्डा, पादरली, रोड़ला, दासपां, कावतरा, जेतू, लूणावास, सूरजवाड़ा, रामपुरा, बड़गांव, बावरला, बिछावाड़ी, सुलताना, दांतिया, सरवाना ग्राम पंचायत में भ्रमण कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। इन गांवों में ग्राम रथ पहुँचते ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
*लोक कला, डिजिटल प्रस्तुति और जनसंवाद से योजनाओं की मिल रही उपयोगी जानकारी*
ग्राम रथों के साथ कला जत्थों के कलाकारों द्वारा लोकगीतों, भजनों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं का रोचक प्रचार-प्रसार किया जा रहा हैं। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने जहां ग्रामीणों का मनोरंजन किया, वहीं योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर उन्हें जागरूक किया। ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ विशेष सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए। ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दी जा रही हैं। 
*संध्या चौपालों में ग्रामीणों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी*
ग्राम रथ अभियान के तहत कोरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित संध्या चौपालों के दौरान लोक कलाकारों द्वारा विविध योजनाओं तथा विशेष कर कृषि, खेती की उन्नत तरीके, खाद का उपयोग, मृदा जांच आदि की जानकारी मनोरंजक तरीके से किए गए संवाद के माध्यम से दी गई। अपनी स्थानीय बोली में मनोरंजन के साथ-साथ महत्वपूर्ण जानकारियाँ ग्रामवासियों को लाभान्वित कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!