जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 134 के कांग्रेस पार्षद और जननेता पंडित करण शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र की जनता और भारी संख्या में महिलाओं ने जलदाय विभाग (सिविल लाइंस फाटक) पर जोरदार प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से जूझ रही महिलाओं ने जलदाय विभाग के कार्यालय के बाहर 'खाली मटके' फोड़कर विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्षद पंडित करण शर्मा ने कहा कि, "पूरा शहर भीषण गर्मी की तपिश झेल रहा है और स्वेज फार्म की जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। जलदाय विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। महिलाओं ने मटके फोड़कर यह संदेश दिया है कि यदि विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं खुली, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र होगा।"
*महिलाओं का आक्रोश*
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पानी न आने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 3 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे जलदाय विभाग के कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी। इस दौरान पंडित करण शर्मा के साथ भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, युवा और मातृशक्ति मौजूद रही।