सीबीएसई क्लस्टर गर्ल्स योगासन प्रतियोगिता की मेजबानी को तैयार सिंघानिया संस्थान

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सिंघानिया विश्वविद्यालय में स्थित नर्मदा देवी सिंघानिया इंटरनेशनल स्कूल में 24 जून से 27 जून 2026 तक सीबीएसई क्लस्टर गर्ल्स योगासन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय एवं विद्यालय स्टाफ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, आवास, भोजन, योगासन मंच, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ.मनोज कुमार ने कहा कि सिंघानिया संस्थान के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि इतने बड़े स्तर की सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन और आत्मबल का प्रतीक है। ऐसे आयोजन छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता को विकसित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता की प्रत्येक व्यवस्था उच्च स्तर की हो, ताकि आयोजन की उत्कृष्ट छवि पूरे देश में स्थापित हो सके। उन्होंने सिंघानिया संस्थान के सभी सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कैंपस निदेशक प्रो.पीएस जस्सल ने कहा कि इससे पूर्व भी सिंघानिया संस्थान में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा चुका है तथा आगामी वर्ष एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बड़े टूर्नामेंट का आयोजन संस्थान के लिए और भी अधिक गर्व का विषय है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ.विजय कुमार ने बताया कि सीबीएसई क्लस्टर गर्ल्स योगासन प्रतियोगिता में छात्राएं अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग में भाग लेंगी और अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं तथा विद्यालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे प्रतियोगिता का संचालन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!