सूरजगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के तहत रविवार को सूरजगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के ऐतिहासिक बाबा शादीनाथ आश्रम तालाब पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व सांसद संतोष अहलावत रहीं। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन नरेश वर्मा, पूर्व चेयरमैन पार्वती देवी, पूर्व भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सेवाराम गुप्ता, लोकतंत्र सेनानी सजन अग्रवाल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक तालाब की साफ-सफाई, पीपल वृक्ष पूजन, कलश यात्रा तथा जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वच्छता अभियान और सघन वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधानसभा संगठन प्रभारी रोहिताश फौजदार, भाजपा नगर मंडल महामंत्री संतोष कुमावत, मनोज शर्मा, पार्षद राजेंद्र सोंकरिया, वर्षा सोमरा, शर्मीला डेला, मनोहर जांगिड़, राजपाल काजला, धर्मवीर चंदेलिया, हिमांशु गौतम, राजकुमार रोहिला, नगर पालिका कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
3/related/default