संगठित किसान और गौ-आधारित खेती से ही समृद्ध होंगे गांव: डॉ.पवन चौधरी

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भारतीय किसान संघ, तहसील पिलानी की मासिक बैठक रविवार को बनगोठड़ी गांव स्थित पंचायत के अटल सेवा केंद्र में आयोजित की गई। बैठक में किसानों के संगठनात्मक सशक्तिकरण, कृषि समस्याओं के समाधान तथा गौ-आधारित प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष एवं राज्य स्तरीय सदस्य, दिशा समिति राजस्थान डॉ.पवन चौधरी थे। डॉ.पवन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों की सशक्त आवाज है। उन्होंने कहा कि केवल जागरूक होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसानों को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहकर नीतिबद्ध एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब गांव का किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा, तभी ग्रामीण भारत का समग्र विकास संभव होगा।” उन्होंने युवाओं से भी खेती और किसान संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

*गौ-आधारित खेती से कम लागत में अधिक लाभ*

कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) चांदगोठड़ी के वैज्ञानिक डॉ.बलबीर सिंह ने किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को भविष्य की टिकाऊ कृषि पद्धति बताया। उन्होंने इसके प्रमुख लाभ बताए जैसे घर पर तैयार जैविक खाद एवं कीटनाशकों से खेती की लागत में भारी कमी, मिट्टी की उर्वरता और केंचुओं की संख्या में वृद्धि,भूमि की जल धारण क्षमता में सुधार, रसायन मुक्त उपज से बेहतर स्वास्थ्य और बाजार में अधिक मूल्य आदि।

*ग्राम समिति संगठन की सबसे मजबूत इकाई*

तहसील अध्यक्ष मोहर सिंह बलवदा ने कहा कि भारतीय किसान संघ का मूल मंत्र “राष्ट्रहित में किसान हित” है। ग्राम समिति संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जो गांव स्तर की समस्याओं—जैसे बिजली, पानी, खाद एवं बीज—को संगठन के माध्यम से प्रशासन तक पहुँचाकर समाधान सुनिश्चित करती है।
भारतीय किसान संघ के उपाध्यक्ष सुभाष साई पंवार ने कहा कि किसान एकता ही व्यवस्था परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है।

*प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की दी जानकारी*

कृषि विभाग के अधिकारी सुरेंद्र झाझड़िया ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं दावा निपटान संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया, साथ ही कृषि सुपरवाइज़र जोगेंद्र भगासरा ने बीज व उर्वरक के बारे मे जानकारी दी।

*बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित*

बैठक के सफल संचालन में तहसील मंत्री गुगनराम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर चंद्रभान, शेरसिंह पुनिया, राजेंद्र सिंह पुनिया, हवा सिंह बागड़वा, करण सिंह बागड़वा, रमेश कुमार धनखड़, सहीराम पुनिया, जगराम, रमेश कुमार स्वामी, संजय बागड़वा, होशियार सिंह, नरेंद्र बैरवाल, धर्मपाल बैरवाल सहित क्षेत्र के 80 से अधिक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

*जिलेभर में चल रहा है ग्राम समिति गठन अभियान*

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि डॉ. पवन चौधरी के नेतृत्व में झुंझुनूं जिलेभर में ग्राम समिति गठन अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े किसान की आवाज को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुँचाना है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!