निवाई (लालचंद माली): राष्ट्रीय राजमार्ग-52 निवाई बायपास पर होटल भारद्वाज के सामने सोमवार की रात एक डंपर ने बाइक के टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थानाधिकारी घासीराम मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से मृतक के शव व घायल को राजकीय उप जिला चिकित्सालय, निवाई लेकर आए और मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा गंभीर घायल को उपचार के लिए भर्ती करवाया। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि रमेश चंद्र पुत्र तुलसीराम रैगर निवासी देहती व दीपक पुत्र ओमप्रकाश रैगर निवासी फुलेती बावड़ी इंद्रगढ़, जिला बूंदी बाइक पर सवार होकर मजदूरी करने के लिए जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। इस सडक़ दुर्घटना में रमेशचंद रैगर पुत्र तुलसीराम रैगर की मौत हो गई।चिकित्सकों ने गंभीर घायल दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया। मंगलवार की सुबह परिजनों के आने पर मृतक युवक के शव का पुलिस द्वारा पंचनामा तैयार किया व चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक रमेश विवाहित था और उसके एक 12 माह की बच्ची है। वह परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
3/related/default