बहरोड़: हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी मंथन स्पेशल स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को मातृशक्ति सर्वोच्च शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग़ौरतलब है कि मंथन द्वारा गत दस वर्षों से यह कार्यक्रम निरंतर जारी है। मंथन महिला इकाई अध्यक्ष नेहा जैन ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि शहीद अजीत सिंह जी की वीरांगना अनीता यादव, समाज सेविका सुशीला यादव, मंथन संरक्षक सुषमा गोस्वामी, शारीरिक शिक्षिका रेणुका यादव व शर्मिला गौड़ ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात बच्चों द्वारा माँ को समर्पित रंगारंग प्रस्तुति दी गई एवं सभी उपस्थित माताओं में विभिन्न प्रतियोगिताएँ करवाई गई एवम पारितोषिक वितरित किया गया। वहीं मंथन राष्ट्रीय सचिव डॉ.सविता गोस्वामी ने माँ के त्याग, समर्पण भाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ का स्थान सर्वोच्च है और यदि बात विशेष बच्चों की माताओं की की जाए तो उनके दायित्व और अधिक बढ़ जाते हैं। इस दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से करने हेतु लक्ष्मी कँवर व सुमन देवी को बेस्ट मॉम अवार्ड से नवाज़ा गया। साथ ही समस्त उपस्थित इक्यावन मातृशक्तियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सचिव डॉ.सविता गोस्वामी, बहरोड़ महिला इकाई अध्यक्ष नेहा जैन, उपाध्यक्ष रेखा अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष अमिता यादव, मोनिका गौर, अल्का यादव, वंदना तेलमोरे, मनोज यादव, डिम्पल शर्मा, शकुंतला गौर, सांत्वना जेना, सीमा गोयल, अक्षरा गोयल, मीरा सेन, उषा वसंत तेलमोरे, अंकित सेन, पायल सहित दिव्यांग बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
3/related/default