पावटा: कस्बे के निकटवर्ती ग्राम भूरी भड़ाज स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में ज्येष्ठ एवं पुरुषोत्तम अधिक मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा एवं गौ सेवा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्वान आचार्य राजेन्द्र शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन एवं सामूहिक गौ आरती सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण शुद्धि, गौ संरक्षण तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करना रहा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर गौ माता की रक्षा एवं समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार की प्रार्थना की। आचार्य राजेन्द्र शास्त्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि लोक कल्याण और प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार मानी जाती है। इस अवसर पर पावटा अभिभाषक संघ अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ संरक्षण एवं गौशालाओं के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं को भी सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का संदेश दिया। हवन-यज्ञ के उपरांत गौ माता को गुड़, दलिया एवं हरा चारा खिलाकर सेवा कार्य किया गया तथा सामूहिक गौ आरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में गौशाला प्रशासक कैलाश चंद स्वामी, विजेन्द्र गुर्जर, सीताराम स्वामी, मालीराम गुर्जर, पूरण दास, पंडित राजेन्द्र शर्मा, भानू प्रताप सिंह, प्रभूदास, रामस्वरूप सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौ सेवा एवं संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
पूर्णिमा पर श्रीकृष्ण गौशाला में वैदिक अनुष्ठान, गौ सेवा एवं सामूहिक गौ आरती का आयोजन
By -
May 31, 2026
0
Tags: