पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में नए शैक्षणिक सत्र के लिए उत्साहपूर्ण माहौल में वार्षिक 'इन्वेस्टीचर सेरेमनी' आयोजित की गई। इस समारोह में विद्यालय की नई छात्रा परिषद को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करवाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरला शिक्षण संस्थान के निदेशक मेजर जनरल एस एस नायर (अति विशिष्ट सेवा मेडल ) थे तथा विद्यालय की पूर्व छात्रा व मानव संसाधन विभाग की एसोसिएट सलाहकार चारु सुराना तथा कुनिका सुराना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रसिद्ध बैंड प्रदर्शन के साथ किया गया, जिसकी प्रशंसा करते हुए विशिष्ट अतिथि ने कहा कि बैंड हमेशा से विद्यालय का गौरव रहा है। आज फिर से इस प्रदर्शन का हिस्सा बनकर पुरानी स्मृतियाँ ताजा हो गई हैं।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात विद्यालय प्राचार्या अचला वर्मा ने अतिथिगण को उत्साहपूर्वक पुष्प गुच्छ भेंटकर विद्यालय में उन्हें विशिष्ट अनुभव करवाया। जिसके बाद विद्यालय छात्राओं ने प्रार्थना स्वरूप देवी के विविध स्वरूपों की नारायणी प्रस्तुति को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर माहौल को ऊर्जान्वित कर दिया।
समारोह में विद्यालय की नवगठित छात्रा परिषद के सदस्यों को औपचारिक रूप से बैज, सैश, एवं उनके दायित्व प्रदान किए गए। सभी चयनित छात्राओं को विद्यालय के सभी चार सदनों के महासचिव, अनुशासन प्रभारी, सांस्कृतिक प्रमुख, खेल प्रमुख तकनीक प्रमुख, खाद्य विभाग प्रमुख इत्यादि कुल 42 पदों का कार्यभार छात्राओं को सौंपा गया। मुख्य अतिथि ने नव-नियुक्त छात्रा परिषद के सदस्यों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई और नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा ईमानदारी के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए आशा जताई कि जिस विश्वास से विद्यालय ने उन्हें यह पद प्रदान किया है, वे उस पर खरा उतरेंगे। उन्होंने दो प्रमुख पदों पर्यावरण और स्थिरता प्रमुख तथा सामुदायिक सेवा प्रमुख का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए विद्यालय की इस नई पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय ने इन नए पदों को सृजित कर पर्यावरण संरक्षण तथा समुदाय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है। इससे छात्राओं में पर्यावरण और समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित होगी और भविष्य में स्वस्थ व सुरक्षित समाज का निर्माण होगा। शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारियों में मुख्य रूप से-छात्रा परिषद प्रमुख-आयुषी जैन, छात्रा परिषद उप प्रमुख-आधुनिका मोहन, छात्रावास प्रमुख- प्रेक्षा जैन, अनुशासन प्रभारी- नव्या सिहाग, सांस्कृतिक प्रभारी- अनन्या गुप्ता, खाद्य प्रभारी- गार्गी कश्यप, खेल प्रभारी- अंशुल, तकनीकी प्रभारी- अन्विता गुप्ता रहे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक सदन के वाइस कैप्टन, अनुशासन प्रभारी, सांस्कृतिक प्रभारी, खाद्य प्रभारी, खेल प्रभारी तथा तकनीकी प्रभारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त पर्यावरण और स्थिरता प्रभारी तथा सामुदायिक सेवा प्रभारी दो नए पद भी शामिल थे। जिन्होंने विद्यालय की परंपराओं को बनाए रखने और साथियों के लिए मिसाल बनने का संकल्प लिया। नई चयनित छात्रा परिषद प्रमुख आयुषी जैन ने सभी नव चयनित पदाधिकारियों की तरफ से अपना अनुभव व्यक्त करते हुए कहा कि पद पाना उनके लिए बहुत ही सम्मान की बात है, यह सिर्फ एक बैज नहीं, बल्कि विद्यापीठ की परंपरा और विश्वास की जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें और आगे ले जाना है। विद्यालय प्रमुख ने आगे कहा कि मैं अपनी टीम के साथ मिलकर विद्यालय के अनुशासन और गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करूँगी व अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहुँगी। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि विद्यालय की पूर्व छात्रा व मानव संसाधन विभाग की एसोसिएट सलाहकार चारु सुराना ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह समारोह विद्यापीठ के "विद्या विनयेन शोभते" (ज्ञान विनम्रता से सुशोभित होता है) के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करता है, जो बालिकाओं में नेतृत्व और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देता है। निश्चित रूप से यह छात्राएँ जो आज विद्यालय में पद ग्रहण कर रही हैं एक दिन वे देश के किसी उच्च पद को सुशोभित कर रही होंगी तथा अपनी नेतृत्व क्षमता और कौशल से विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छात्राओं को गर्व, विनम्रता व जिम्मेदारी के साथ नेतृत्व पथ पर चलने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या अचला वर्मा ने छात्राओं को बधाई देते हुए शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के महत्व पर जोर दिया और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को समर्पण के साथ निभाने व ऊर्जावान रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय छात्रावास अधीक्षक श्रीमती रेनू दूबे ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।