सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): कस्बा सूरौठ में 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही अटल प्रगति पथ सड़क के निर्माण में बरती जा रही अनियमितता के विरोध में बुधवार को सर्व समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार संजीव धाकड़ को पीडब्ल्यूडी मंत्री दिया कुमारी एवं करौली कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। लोगों ने चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण में की जा रही धांधली की जांच करवाकर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा, भाजपा नेता सत्येंद्र जाटव, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता केदार मीणा, रिंकू मंजर, जय सिंह मीणा, मोहन सतल्ला सहित सर्व समाज के काफी लोग हुक्मी खेडा मार्ग पर तहसील कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए तथा अटल प्रगति पथ सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाइवे से तहसील कार्यालय होते हुए स्टेशन रोड तक 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से अटल प्रगति पथ का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। अटल प्रगति पथ के निर्माण में तकनिकी मापदंडों एवं विभागीय नियमों की अवेहलना की जा रही है। लोगों ने बताया कि अटल प्रगति पथ में 7 मीटर चौड़ी सीसी सड़क एवं दोनों साइड डेढ डेढ़ मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण होना है। ठेकेदार की ओर से कहीं 7 मीटर चौड़ी एवं कहीं साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। पूर्व में बनी हुई इंटरलॉकिंग सड़क को हटाए बिना ही सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, जिससे सड़क बनने से पहले ही जर्जर हो रही है। एक ही सड़क की चौड़ाई अलग-अलग स्थानों पर भिन्न रखी जा रही है, जो कि पूरी तरह गलत है। लोगों ने बताया कि सड़क को जीरो पॉइंट से शुरू करने के बजाय बीच में से शुरू किया जा रहा है। लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कर चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस में सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं को दुरुस्त नहीं किया गया एवं दोषी अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सूरौठ में अटल प्रगति पथ सड़क निर्माण में अनियमितता के विरोध में लोगों ने किया प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
By -
May 20, 2026
0
Tags: