जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): विद्या भारती राजस्थान द्वारा आयोजित “अलंकरण–2026: प्रतिभा सम्मान समारोह” में सिविल सेवा परीक्षाओं IAS-2025 एवं RAS-2024 में चयनित 63 पूर्व छात्र बंधु-भगिनियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “स्मृति सभागार”, प्रियंका हॉस्पिटल एवं कार्डियक सेंटर (PHCC), मानसरोवर, जयपुर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम एवं विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री शिवप्रसाद का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। राजस्थान सरकार में सचिव डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी एवं PHCC के अध्यक्ष एवं निदेशक डॉ.जीएल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के प्रथम चरण में चयनित पूर्व छात्रों के साथ संगठन संवाद आयोजित हुआ, जिसमें मार्गदर्शन, प्रेरक अनुभव एवं संवाद सत्र सम्पन्न हुए। इसके पश्चात मुख्य समारोह में चयनित प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल महोदय ने अपने उद्बोधन में चयनित प्रतिभाओं को राष्ट्र सेवा, समाज हित एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता एवं निष्ठा के साथ करने का संदेश दिया। निम्बाराम एवं शिवप्रसाद ने भी अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में भारतीय जीवन मूल्यों, राष्ट्रभाव एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक, शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधि, पूर्व छात्र परिषद के सदस्य, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.शिखा गुप्ता ने किया। स्वागत उद्बोधन तरुण अग्रवाल द्वारा एवं प्रस्तावना डॉ.चन्द्रशेखर गौड़ द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में डॉ.आशा शर्मा ने आभार व्यक्त किया।