रेजिडेंट से मारपीट पर ट्रॉमा सेन्टर में कामकाज बंद, सिटी डिस्पेन्सरी 5 में भी हंगामा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (जय नारायण बिस्सा): शहर में चिकित्सक व मरीज के साथ आपसी कहासुनी के बाद न केवल पीबीएम अस्पताल बल्कि सिटी डिस्पेन्सरी नं 5 में हंगामा हो गया, जिसके चलते पीबीएम में ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टर और कार्मिकों ने कामकाज बंद कर दिया तो सिटी डिस्पेन्सरी के बाहर स्थानीय लोगों ने धरना लगा दिया।
*पीबीएम में मारपीट के मामले ने पकड़ा तूल*
 
पीबीएम के ट्रॉमा सेन्टर में रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में सर्जरी, न्यूरोसर्जरी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के रेजिडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग करते हुए अपनी सेवाएं बंद कर दी। मिली जानकारी के अनुसार देर रात एक युवती द्वारा रेजिडेंट डॉक्टर प्रतिभा के साथ मारपीट की घटना हुई। बताया जा रहा है कि घायल युवती का इलाज अच्छे से कर दिया था। जब डॉक्टर प्रतिभा सिटी स्कैन रूम में किसी मरीज की सिटी स्कैन के लिए गई तो घायल युवती भी वहां पहुंच गई और किसी बात को लेकर बोलचाल हो गई। बात बढ़ते युवती ने रेजिडेंट डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया, जिसको लेकर पूरा स्टाफ इकठ्ठा हुआ और सदर थाना पुलिस को मौके पर बुलाया, देखते ही देखते मामला बढऩे लगा तो सीनियर डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे और समझाइस भी की लेकिन मामला शांत नहीं हुआ ओर सुबह रेजिडेंट डॉक्टर ने कार्य बहिष्कार कर दिया। रेजिडेंट डॉक्टरों की ओर से जारी एक लिखित सूचना के अनुसार 30 मई को ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला सर्जरी रेजिडेंट के साथ मारपीट और गंभीर अभद्र व्यवहार की घटना हुई। रेजिडेंट्स का आरोप है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
*पुलिस ने आरोपियों का लिया पक्ष*
सूचना में कहा गया है कि घटना के तुरंत बाद प्राचार्य, अतिरिक्त प्राचार्य और अधीक्षक सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी स्तर पर संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। रेजिडेंट्स ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पुलिस अधिकारी ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर रेजिडेंट्स के सामने अनुचित व्यवहार किया और आरोपियों का पक्ष लेते दिखाई दिए। रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि ट्रॉमा सेंटर में पहले भी चिकित्सकों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे अस्पताल परिसर में असुरक्षा का वातावरण बन गया है। उनका कहना है कि यदि चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी तो मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं देना भी प्रभावित होगा।

*सुरक्षा और कार्रवाई तक काम बंद*
रेजिडेंट्स ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक संबंधित विभागों के रेजिडेंट चिकित्सक अपनी सेवाएं स्थगित रखेंगे। इस घटनाक्रम के बाद पीबीएम अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं पर असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

*सिटी डिस्पेन्सरी में बरपा हंगामा, लगाया धरना*
उधर सुभाष मार्ग स्थित सिटी डिस्पेन्सरी नं.5 में मरीज से प्रभारी द्वारा अभद्रता करने को लेकर हंगामा हो गया, जिसके बाद मोहल्लेवासियों ने डिस्पेन्सरी के अंदर व बाहर विरोध दर्ज करवाते हुए धरना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि तबस्सुम नाम की महिला अपने दो माह के बच्चे को दिखाने के लिये डिस्पेन्सरी आई, जो प्रभारी डॉ.बिन्दुबाल मित्तल के पास पहुंची। मित्तल का कहना है कि उसने दो माह के बच्चे को पीबीएम दिखाने की बात कही। जिस पर मरीज व उसके साथ आए लोग भड़क गये। इसको लेकर कहासुनी बढ़ गई। मरीज का आरोप है कि डॉ.मित्तल ने उनके साथ गाली गलौच की तथा अभद्रता से बाहर निकल जाने को कहा। उनका यह व्यवहार तानाशाहपूर्ण था। जब बीच बचाव के लिये पूर्व महापौर मकसूद अहमद आए तो उनके साथ भी बदतमीजी की। इसके बाद मोहल्ले के लोग इकठ्ठा हो गये और डिस्पेन्सरी प्रभारी व सीएमएचओ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। धरने पर बैठे मकसूद अहमद ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से एक ही पद पर जमी बैठी डॉ.मित्तल का व्यवहार हर मरीज के साथ अभद्रतापूर्ण रहता है। इसे तुरंत यहां से स्थानान्तरित किया जाएं। ऐसा न होने पर आन्दोलन व धरना जारी रहेगा। सूचना पर कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह मय जाब्ता डिस्पेन्सरी पहुंचे। हालांकि उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश का प्रयास किया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। बाद में सीएमएचओ डॉ पुखराज साध भी मौके पर आ गये। अंत में डॉक्टर बिंदु बाला को एपीओ कर दिया गया, सीएमएचओ ने तुरंत आदेश जारी किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!