जयपुर (वसीम अकरम कुरेशी): जय मीनेश शिक्षण एवं विकास संस्थान की ओर से पीपल पूर्णिमा के अवसर पर समाज का 16वां सामूहिक विवाह सम्मेलन उत्साह व उमंग के साथ संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल किशन राव बागड़े, आईआरएस अधिकारी रहे। केसी घुमरिया, पूर्व विधायक कन्हैया लाल मीणा, बाबू लाल नागर अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में कई अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के राष्ट्रीय लीडर एवं क्षेत्रीय वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वहीं रतन लाल, धर्मपाल, कैलाश मीणा सहित कई आईएएस, आईपीएस, आरएएस, आरपीएस सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। संस्थान के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी केसी घुमरिया ने बताया कि फागी स्थित जय मीनेश महाविद्यालय में आयोजित समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह में देशभर से समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल रहे। राजस्थान के विभिन्न जिलों से बारातें आई, जिसमें समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। घुमरिया ने बताया कि अब तक 1002 गरीब आदिवासी परिवारों के बच्चे-बच्चियों की शादी संस्थान की ओर से करवाई जा चुकी है और यह सिलसिला निरंतर जारी है। केसी घुमरिया ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन में संस्थान के संरक्षक गीताराम मीणा, युवा समिति के अध्यक्ष रामराय मीणा सहित समाज के अन्य वरिष्ठजनों की विशेष भूमिका रही। विवाह सम्मेलन में सभी 51 दुल्हनों को समाज के भामाशाहों की ओर से आवश्यक घरेलू सामान व अन्य उपहार दिए गए।
3/related/default