राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर युवाओं को दी ‘ग्राम’ की जानकारी, राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़ा साहित्य वितरित

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं को आगामी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर अगले माह आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 की जानकारी दी गई तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित साहित्य वितरित किया गया। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि 'तकनीक से तरक्की' थीम पर 23 से 25 मई तक जयपुर स्थित जेईसीसी में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) का आयोजन किया जाएगा। इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, नवाचार को बढ़ावा देना, बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना और कृषि व पशुपालन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 75 हजार से अधिक किसानों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसमें बीकानेर संभाग से 6000 से अधिक किसान शामिल होंगे। आयोजन में प्रगतिशील किसानों के लिए सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और अवार्ड हेतु चयन भी किया गया है। जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने विभागीय पत्रिका ‘सुजस’ सहित अन्य प्रकाशनों की जानकारी दी तथा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान समय में जनसंपर्क की बदलती दिशा और उसकी उपयोगिता पर भी विचार साझा किए। जिला परिषद के आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी ने पत्रकारिता एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों पर जानकारी देते हुए युवाओं को इस क्षेत्र में संभावनाओं से अवगत कराया। पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने पुस्तकालय की विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए करियर मार्गदर्शन से जुड़े संसाधनों का परिचय कराया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!