संदेश नायक ने संभाला जयपुर जिला कलक्टर का पदभार

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: जिला कलक्टर संदेश नायक ने गुरुवार को जयपुर जिला कलक्टर का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान जिला कलक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट में एक गरिमामय वातावरण में पदभार ग्रहण की प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
पदभार संभालने के पश्चात संदेश नायक ने कहा कि जयपुर जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन की समर्पित टीम के सहयोग से राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। इसी क्रम में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवेदना का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवाद को प्राथमिकता दें और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करें।
नायक ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तकनीकी नवाचारों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता में वृद्धि की जाएगी। ई-फाइल प्रणाली सहित विभिन्न आईटी आधारित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया में गति आएगी और अनावश्यक विलंब को रोका जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट्स के माध्यम से योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। साथ ही, नवाचारों को प्रोत्साहित करते हुए जिले को विकास और सुशासन के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत नायक ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की प्रारंभिक समीक्षा की और आपसी समन्वय, टीम भावना तथा परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) श्रीमती विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि संदेश नायक इससे पूर्व सिरोही, भरतपुर एवं चूरू जिलों में जिला कलक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!