जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अमरापुर दरबार में 105वें चैत्र मेले का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के पहले ही दिन श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोरावर सिंह गेट स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा तीन दिवसीय नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अमरापुर दरबार के पूज्य सद्गुरु भगत प्रकाश जी ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रो.संजीव शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेले में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं साधक पहुंचते हैं, जिन्हें इस शिविर के माध्यम से नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में श्रद्धालुओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आयुर्वेदिक परामर्श एवं औषधि वितरण किया जा रहा है। इस सेवा कार्य में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के डॉ.रीतेश रामनानी, डॉ.ईशा हर्षवानी सहित रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना तथा रचना शरीर विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयुर्वेदिक शिविर न केवल त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करते हैं, बल्कि आयुर्वेद के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।
उल्लेखनीय है कि यह नि:शुल्क चिकित्सा शिविर 1 अप्रैल से 3 अप्रैल तक संचालित होगा। मेले की अवधि में निरंतर सेवाएं देकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को लाभान्वित किया जाएगा। पहले ही दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिविर में पहुंचकर उपचार एवं परामर्श लिया।