झुंझुनू की श्री गोपाल गोशाला में 'त्रिवेणी संगम': नलकूप, आधुनिक गौ-आवास और काउमेट्स का भव्य लोकार्पण सम्पन्न

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): स्थानीय श्री गोपाल गोशाला में आज श्रद्धा, सेवा और आधुनिकता का अद्भुत त्रिवेणी संगम देखने को मिला। गोशाला के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और गौवंश की सुख-सुविधाओं के विस्तार के लिए आयोजित भव्य समारोह में नवनिर्मित नलकूप, नवीनीकृत गौ-आवास शेड और आधुनिक काउमेट्स (रबर के गद्दे) का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर गोशाला को एक लाख रुपये से अधिक का सहयोग देने वाले 14 प्रमुख चुंगीदाताओं का भी भव्य सम्मान किया गया।

*धार्मिक अनुष्ठान और पट्टिका अनावरण*

कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ। सीए दीनबंधु जालान एवं श्रीमती वीणा जालान (मुंबई) के सौजन्य से नवनिर्मित नलकूप (बोरिंग) एवं नवीनीकृत गौ-आवास शेड का उद्घाटन किया गया। पंडित दीनदयाल शुक्ला के आचार्यत्व में जालान परिवार ने सपरिवार पूजा-अर्चना की, जिसके पश्चात प्रवासी बंधुओं और स्थानीय गौभक्तों की उपस्थिति में शिलालेख पट्टिका का अनावरण और फीता काटकर लोकार्पण संपन्न हुआ।

*गौ-सेवा में आधुनिकता-अब गद्दों पर विश्राम करेंगी गायें*

गौ-सेवा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए स्वर्गीय श्रीरामस्वरुप जी गाड़िया की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्रों सुशील गाड़िया एवं सुनील गाड़िया (बिलासराय रामस्वरूप गाड़िया चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई) की ओर से गायों के लिए काउमेट (रबर के गद्दे) लगवाए गए हैं। सुशील गाड़िया एवं उनकी धर्मपत्नी ने विधि-विधान से पूजा कर शिलालेख का लोकार्पण किया। इससे भीषण गर्मी और कठोर धरातल से गौवंश को राहत मिलेगी और उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा।

*दानदाताओं और चुंगीदाताओं का सम्मान*

गौशाला के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने वाले 14 ऐसे चुंगीदाताओं का शॉल, साफा, दुपट्टा और गौमाता का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में एक लाख रुपये से अधिक की राशि प्रदान की। सम्मानित महानुभावों मे मंगतुराम नौरंगलाल राणासरिया (विजय कुमार एवं विपिन राणासरिया), ओमप्रकाश हरिराम मोदी (सुनील मोदी), प्रह्लाद राय किशोरी लाल टीबड़ा (आनंद टीबड़ा), घनश्याम दास हनुमान बक्स (केशरदेव देवकीनंदन तुलस्यान), स्व.काशीनाथ जी जालान के सुपुत्र शिव कुमार जालान एवं नारायण प्रसाद जालान, ओमप्रकाश केजडीवाल (नवीन केजडीवाल), गोपीचंद कपिल कुमार गाड़िया, कृष्णा मेडिकल एजेंसी (दामोदर प्रसाद अग्रवाल), छोटेलाल श्याम सुंदर जालान (सुभाष चंद्र जालान), बिलास राय एंड कंपनी (भरत कुमार तुलस्यान), नेतराम मघराज (विश्वनाथ टीबड़ा), जोधराज दामोदर प्रसाद (पवन कुमार अग्रवाल गुड्डावाला), मुरारी लाल महेश कुमार (प्रमोद कांया)।

*सेवा का नया संकल्प: लाखों के दान की घोषणा*

समारोह के दौरान प्रवासी बंधुओं ने दान की अविरल धारा बहा दी। राजकुमार गाड़िया (काठमांडू) ने 11 लाख रुपये की लागत से एक और गौ-आवास शेड के नवीनीकरण की स्वीकृति दी। जयपुर के राजकुमार अग्रवाल (लहर फाउंडेशन) ने गौशाला के सामने शीतल जल मंदिर (वॉटर कूलर युक्त) बनवाने की घोषणा की। साथ ही, विनोद गाड़िया, सुभाष गाड़िया, उमेश मोदी (मुंबई), राजकुमार गाड़िया (काठमांडू) और नवीन गाड़िया (सिंगापुर) ने एक-एक लाख रुपये से एक-एक गौदान करने की स्वीकृति प्रदान की। गौशाला प्रबंध कमेटी की ओर से सभी दान देने वाले भामाशाह दानदाताओं का आभार व्यक्त किया गया।

*प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति*
कार्यक्रम में 'झुझुनू प्रगति संघ मुंबई' के ट्रस्टी और देश-विदेश से पधारे प्रवासी जन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जिनमें विनोद गाड़िया, सुशील गाड़िया, सीए दीनबंधु जालान, सुरेंद्र गाड़िया, आनंद लटसरिया, सुभाष गाड़िया, उमेश मोदी एवं दिनेश मोदी (मुंबई), राजकुमार अग्रवाल ट्रस्टी लहर फाउंडेशन (जयपुर), नवीन गाड़िया (सिंगापुर), राजकुमार गाड़िया, सुशील गाड़िया एवं सुरेश गाड़िया (काठमांडू-वीरगंज), सुधीर गाड़िया (जयपुर) एवं महेंद्र गाड़िया (सूरत) शामिल थे। मंच पर जिला गौ सेवा समिति के अध्यक्ष ताराचंद गुप्ता एवं डॉ.दिलीप मोदी सहित एक लाख रुपये से अधिक चुंगी देने वाले चुंगीदाता भी उपस्थिति में रहे। सभी अतिथियों का गोशाला कमेटी की ओर से शॉल, साफा, दुपट्टा और गौमाता का प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत अभिनंदन किया गया। मंच का कुशल व सफल संचालन डॉ.डीएन तुलस्यान द्वारा किया गया। प्रारंभ में अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया ने स्वागत भाषण दिया और अंत में मंत्री प्रदीप पाटोदिया ने सभी का आभार व्यक्त किया। आदर्श बाल निकेतन स्कूल की छात्राओं काव्या शर्मा और राधिका केडिया को उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

*गौ-सेवा के संकल्प के साथ समापन*

झुझुनू प्रगति संघ मुंबई के ट्रस्टी विनोद गाड़िया ने अपने संबोधन में दानदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रवासी बंधुओं का हमेशा प्रयास रहता है कि अपनी जन्मभूमि में जब भी आते हैं गोशाला को तन-मन-धन से सहयोग करें। कार्यक्रम से पूर्व सभी प्रवासियों ने गौमाता को गुड़ और हरी सब्जियां खिलाकर आशीर्वाद लिया।

*उपस्थित स्थानीय गौभक्त*
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया, कोषाध्यक्ष राजकुमार तुलस्यान, निवर्तमान मंत्री नेमी अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय राणासरिया, परमेश्वर हलवाई, दुर्गादत्त तुलस्यान, अंजनी जालान, अजीत राणासरिया, कैलाश चंद्र सिंघानिया, रघुनाथ प्रसाद पौद्दार, एडवोकेट नरेश कुमार परसरामपुरिया, सीए पवन केडिया, अशोक केडिया, मुकेश जालान, नवीन जालान, संतोष टीबड़ा पिंकू और कैलाश चंद्र जांगिड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!