निवाई (लालचंद माली): जिला कलेक्टर टीना डाबी ने गांव खंडवा में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया। चौपाल के दौरान कलेक्टर टीना डाबी ने शमशान भूमि विवाद, रास्तों पर अतिक्रमण, वन व पंचायत भूमि से पेड़ों की अवैध कटाई सहित अवैध खनन जैसी गंभीर शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली कटौती एवं बीसलपुर योजना के तहत घर-घर नल कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत रखी। इस पर कलेक्टर ने जलदाय विभाग व विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्य योजना बनाकर जल्द राहत देने के निर्देश दिए। इस दौरान सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जन जागरूकता रथ रजवास से रवाना होकर गुड्डा आनंदपुरा और पहाड़ी होते हुए खंडवा पहुंचा। चौपाल में विधायक रामसहाय वर्मा ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं एवं जागरूक बनें। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, एसडीएम प्रीति मीणा, तहसीलदार नरेश गुर्जर, कृषि मंडी सचिव कमल किशोर सोनी सहित पीडब्ल्यूडी, रसद विभाग, आंगनबाडी, राजस्व और जल संरक्षण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
3/related/default