पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बाढड़ा (चरखी दादरी) में आयोजित भव्य एवं गरिमामयी समारोह में बिरला स्कूल पिलानी के प्रख्यात शिक्षाविद, वरिष्ठ सीबीएसई मास्टर ट्रेनर एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति विशेषज्ञ राजन शर्मा को देशभर में शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट, प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन बड़ोली, भिवानी–महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर के कर कमलों से प्रदान किया गया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बना चुके राजन शर्मा ने इस सम्मान को समाज और शिक्षा जगत के प्रति अपनी बढ़ती जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण की दिशा में और अधिक समर्पण, नवाचार एवं प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
उनकी यह उपलब्धि न केवल पिलानी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।