शैक्षणिक उत्कृष्टता का पर्याय बना बिरला स्कूल: आरुषि और स्तुति ने 98.8% अंकों के साथ रचा इतिहास

AYUSH ANTIMA
By -
0


पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अपनी गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा और उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति के लिए विख्यात बिरला स्कूल, पिलानी ने सीबीएसई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में एक बार फिर स्वर्णिम सफलता अर्जित की है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में हर्ष और उल्लास का वातावरण छा गया, जहाँ मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी कठिन साधना से संस्थान का मान बढ़ाया है। इस वर्ष परीक्षा में आरुषि और स्तुति ने अद्भुत प्रतिभा का परिचय देते हुए 98.8% अंकों के साथ संयुक्त रूप से विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इनके साथ ही लिवांशु ने 98.6% अंकों के साथ द्वितीय और कोमल ने 97.4% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर अपना कब्ज़ा जमाया। विद्यालय की इस सामूहिक सफलता की गहराई का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल 12 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत और एआई (AI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी विषयगत दक्षता सिद्ध की है। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के 37 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक और 81 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है। इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य धीरेंद्र सिंह, हेडमास्टर एसपी आनंद एवं सीनियर कोऑर्डिनेटर मिस्टर वीके मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को अपनी हार्दिक बधाई और आशीर्वाद दिया है। विद्यालय नेतृत्व ने इस शानदार परिणाम का श्रेय विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, उनके अभिभावकों के सहयोग और गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे। सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामनाएं की गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!