जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राजधानी के श्याम नगर स्थित ट्री होम हाई स्कूल द्वारा अचानक बिना पूर्व सूचना विद्यालय बंद किए जाने के सूचना मामले पर बुधवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर इसे अत्यंत गंभीर बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। संयुक्त अभिभावक संघ ने कहा कि सत्र 2026-27 को अभी शुरू हुए मात्र आठ दिन हुए है। इस प्रकार स्कूल को बंद करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। संघ को प्राप्त शिकायत के अनुसार, संबंधित स्कूल प्रशासन द्वारा बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और बिना अभिभावकों को पूर्व सूचना दिए विद्यालय को बंद कर दिया गया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस, एडमिशन और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर पहले ही फीस वसूली कर ली गई और अब अचानक स्कूल बंद कर छात्रों और अभिभावकों को असमंजस की स्थिति में छोड़ दिया गया है। संयुक्त अभिभावक संघ ने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर अनियमितता और संभावित धोखाधड़ी का प्रतीक है, जिसमें संबंधित स्कूल प्रबंधन, संचालक एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि: मामले की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अपराधी एफआईआर दर्ज की जाए।
प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि “निजी स्कूलों की मनमानी अब चरम पर पहुंच चुकी है। बिना किसी सूचना के स्कूल बंद कर देना सीधा-सीधा अभिभावकों के साथ धोखा और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी स्कूल इस प्रकार की लापरवाही करने की हिम्मत न कर सके। संयुक्त अभिभावक संघ हर प्रभावित अभिभावक के साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।” संयुक्त अभिभावक संघ ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संघ द्वारा व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।