मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त कर रही राज्य सरकार

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली-बहरोड़ (सुनील दत्त शर्मा): माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के विजन पर कार्य करते हुए राज्य सरकार युवाओं को सशक्त कर प्रदेश के भविष्य को सुदृढ़ करने एवं ‘विकसित राजस्थान-2047‘ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में राजस्थान दिवस समारोह-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किये जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय आयोजन राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपुतली के सभागार में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम रामवतार मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारी व जिले के विभिन्न विभागों के नव नियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा, जिसमे नवनियुक्त कार्मिकों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विभागों में नव नियुक्त कार्मिकों को अधिकारियों के माध्यम से विभागीय कार्यप्रणाली एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई एवं राजस्थान कोंजने क्विज़ प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकीय सेवा में कार्य करना एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ आमजन के हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा देश एवं प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके कौशल, नवाचार और ऊर्जा के बल पर ही विकसित राजस्थान का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण ने नवनियुक्त कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की साथ ही युवाओं को प्रेरित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में युवाओं ने भी अपने विचार साझा किए, जिसे उपस्थित जनों ने करतल ध्वनि से सराहा।
इस अवसर पर सभागार में राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में जिले के चयनित करीब 400 नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे, जिनमे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 98, शिक्षा विभाग के 140 एवं पशुपालन विभाग के करीब 100 कार्मिकों सहित अन्य विभागों के कार्मिक शामिल रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डीएनओ रविकांत जांगिड ने किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!