झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शहर की ऐतिहासिक धरोहर मेडतानी बावड़ी के जीर्णोद्धार के लिए 2.50 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बुधवार को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, जयपुर के सहायक अभियंता अनिल मित्तल ने स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी ने बावड़ी के संरक्षण और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीर्णोद्धार योजना में बावड़ी की सफाई, संरचनात्मक मजबूती, सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास शामिल किया जाएगा। गौरतलब है कि पीपली चौक के निकट स्थित यह बावड़ी लगभग 1780 ई. के आसपास निर्मित मानी जाती है और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित योजना के तहत कुल ₹2.50 करोड़ की लागत से कार्य कराया जाएगा, जिसमें ₹1.25 करोड़ पर्यटन विभाग द्वारा तथा शेष ₹1.25 करोड़ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत अभिसरण के माध्यम से व्यय किए जाएंगे। देवेंद्र चौधरी ने बताया कि इस परियोजना से न केवल ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण होगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
3/related/default