जयपुर: गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, जयपुर के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया वर्ष 2022 के लिए 16 मार्च 2026 से 4 अप्रैल 2026 तक केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर (फतेहपुरा वेगस) में आयोजित की जाएगी। यह नामांकन प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों द्वारा सम्पन्न की जाएगी। चयन समिति में केन्द्र/गण के समादेष्टा या गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 269 रिक्त पदों के विरुद्ध 67 हजार 943 अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट
http://home.rajasthan.gov.in/homeguards�
पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलने की संभावना है। इस दौरान अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित दिनांक एवं समय पर उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना करना आवश्यक होगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित समय, दिनांक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें जिले का मूल निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र तथा पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र आदि शामिल हैं। नामांकन स्थल में प्रवेश के बाद किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउंड से बाहर जाकर दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 0141-2377797 पर संपर्क किया जा सकता है।