सरकार प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए कटिबद्ध: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

AYUSH ANTIMA
By -
0

निवाई (लालचंद सैनी): नगर पालिका द्वारा शहर में करोड़ों रूपए की लागत से करवाए गए विकास कार्यो का टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भव्य लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर रहे, अध्यक्षता विधायक रामसहाय वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष दिलीप ईसरानी, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान व शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इस दौरान शिवाजी पार्क से गाजे बाजे व शाही लवाजमे के साथ बग्गी में बैठकर टीलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। जहां विधायक रामसहाय वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप ईसरानी, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान व शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सरकार प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने वाला विजन पत्र है। उन्होंने कहा कि टैक्सटाइल, हैंडलूम, एमएसएमई, महिला, शिक्षा, कृषि, पशुपालन एवं ऊर्जा के क्षेत्र में की गई घोषणाओं से राजस्थान को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण करने की तैयारी हो चुकी है। इन भवनों का जल्द नया निर्माण होगा। इन भवनों पर निर्माण तिथि के साथ एक्सपायर डेट भी लिखी जाएगी, ताकि भवन की अवधि समाप्त होने पर उक्त बिल्डिंग का इस्तेमाल बंद करके उसको गिराया जा सकेगा। मंत्री दिलावर ने कहा कि बच्चों को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मंत्री ने कहा कि स्कूलों के निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए 575 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से भी 1000 करोड रुपए का सहयोग मिलेगा। इससे राजस्थान के स्कूलों का कायाकल्प और संसाधनों में बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि डोटासरा मेरे मित्र हैं लेकिन एक नंबर के बेशर्म और बेईमान है, कांग्रेस का काम विरोध करना है। कांग्रेस तो यह चाहती थी कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बने। जिसका राम निकल जाता है, वह मृत हो जाता है। इसीलिए कांग्रेस धीरे-धीरे मृत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में राजस्थान की शिक्षा 11वें नंबर पर थी, जो भाजपा सरकार के 2 साल में तीसरे नंबर पर है। विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों की गति निरंतर तेज हुई है और आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित होगी। क्षेत्र में लगभग 1200 करोड रुपए की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शहर को सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य केवल निर्माण करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्थायी व गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 700 कार्य वर्तमान समय में प्रगति पर हैं। नए 5 वार्डों में लगभग 15 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें विभिन्न कार्य शामिल किए गए हैं। आने वाले समय में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है। पार्षद परसराम कुमावत ने बताया कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 80 फीट रोड पर दांडी यात्रा, कामधेनु स्मारक, चौपाटी, बापू नगर पार्क, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, शास्त्री नगर पार्क, श्याम वाटिका पार्क, देवनारायण सामुदायिक भवन, सेन्ट्रल पार्क, न्यू विस्तार इंद्रा कॉलोनी गौशाला के विकास कार्यो सहित करोड़ों रूपए की लागत के विकास कार्यो का लोकार्पण किया गया। उन्होंने बताया कि समारोह में कलाकारों द्वारा लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। स्थानीय पार्षदों में वरिष्ठ पार्षद परसराम कुमावत के निवास पर भोजन प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के महामंत्री जयनारायण कुमावत ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा, नरेश बंसल, ओपी गुप्ता, लालचन्द सैनी, बाबूलाल सैनी, शंकरलाल सैनी, मंगलराम मीणा, रमेश सैनी व संजय वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!