झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर ने सोमवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को लेकर उन्होंने बजट की सराहना करते हुए इसे “हर वर्ग का बजट” बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला बजट है। प्रेम सिंह बाजौर ने विपक्ष द्वारा सैन्य बजट में कटौती के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस बजट में रक्षा बजट में 15 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि सेना को आधुनिक हथियारों, उपकरणों और तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में कुछ संसाधनों की कमी सामने आई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बाजौर ने कहा कि बजट में युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग को विशेष प्राथमिकता दी गई है। युवाओं के लिए स्वरोजगार और कौशल विकास के माध्यम से नए अवसर सृजित किए गए हैं, वहीं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। मध्यम वर्ग को टैक्स स्लैब और अन्य रियायतों के माध्यम से राहत देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाकर अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत किया गया है। साथ ही ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए किए गए सुधारों से छोटे और बड़े व्यापारियों को समान रूप से लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना भी इस बजट का एक प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का पूरा ध्यान देश के विकास और जनकल्याण पर केंद्रित है और डबल इंजन की सरकार होने से प्रदेश में भी आने वाले समय में नए-नए विकास कार्य होंगे। इस दौरान झुंझुनू विधायक राजेन्द्र भाम्बू, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व विधायक सुभाष पूनियां, विश्म्भर पूनियां, ललित जोशी भी उपस्थित रहे।
3/related/default