बीकानेर (प्रमोद आचार्य): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती बीकानेर की ओर से 7 और 8 मार्च को महिला खेल दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को खेलों से जोड़ना और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के तहत आउटडोर और इंडोर दोनों तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन को लेकर होटल राजमहल में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राजेश गोयल, कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र अग्रवाल, महिला इकाई अध्यक्ष राखी चौरडिया, आयोजन प्रभारी आशु मलिक, विशेष सहयोगी पूजा डागा, प्रांतीय अध्यक्ष बालकिशन परिहार और सचिव राकेश जाजू मौजूद रहे। अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि आयोजन में खो-खो, सतोलिया, रस्साकसी और क्रिकेट जैसे आउटडोर खेलों के साथ पहला दूज, म्यूजिकल चेयर, आंख मिचोली, पोशाम भई और पोशांबा जैसे पारंपरिक इंडोर खेल भी कराए जाएंगे। इससे महिलाओं के साथ-साथ युवाओं में भी खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
*राधे कृष्णा पैलेस में होगा आयोजन*
प्रांतीय अध्यक्ष बालकिशन परिहार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिताएं रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर-5 स्थित राधे कृष्णा पैलेस में आयोजित होंगी। यह आयोजन महिलाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें। महिला इकाई अध्यक्ष राखी चौरडिया ने बताया कि दोनों दिनों में चार-चार इंडोर और आउटडोर खेल आयोजित किए जाएंगे। इसमें बीकानेर की विभिन्न महिला स्वयंसेवी संस्थाओं, जैसे रोटरी, भारत विकास परिषद और जीतो सहित अन्य संगठनों को आमंत्रित किया गया है।
*इंडोर गेम्स में 50 प्रतिभागी हुए पंजीबद्ध*
आयोजन प्रभारी आशु मलिक ने बताया कि आउटडोर खेलों के लिए आठ-आठ सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं, जबकि इंडोर खेलों में अब तक 50 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रति खेल प्रतिदिन 100 रुपये शुल्क रखा गया है। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे और सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।
*अब तक 12 टीमों का हो चुका है पंजीयन*
सचिव राकेश जाजू ने बताया कि प्रतियोगिता 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए होगी, जबकि छोटे बच्चे भी खेलों का आनंद ले सकेंगे। अब तक आउटडोर खेलों में 12 टीमों की प्रविष्टि और 50 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। लघु उद्योग भारती बीकानेर के 166 सदस्य वर्तमान में उद्योग, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।