जयपुर: समेकित बाल विकास सेवाएं (महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्थान सरकार) एवं आसरा फाउंडेशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में झोटवाड़ा एवं जयपुर प्रथम ब्लॉक की 170 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं हेतु 16 से 18 फरवरी तक बाल संरक्षण विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनुपमा टेलर, अतिरिक्त निदेशक (पोषण) रहीं। उन्होंने बच्चों के विरुद्ध अपराधों की पहचान एवं समय पर रिपोर्टिंग के महत्व पर जोर दिया। उपनिदेशक पार्थवी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीडीपीओ धर्मिष्ठा सिकरवार एवं डॉ.नरेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा पॉक्सो अधिनियम एवं जेजे एक्ट के प्रावधानों, पीड़ित बच्चों से संवाद की तकनीकों तथा बाल संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर बाल संरक्षण जागरूकता हेतु तैयार फ्लैश कार्ड्स का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में निशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना एवं स्थायी लोक अदालत संबंधी जानकारी भी साझा की गई। अंत में संस्था की सचिव मंगला शर्मा ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
बाल संरक्षण पर 170 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
By -
February 18, 2026
0
Tags: