निवाई (लालचंद सैनी): इंदिरा कॉलोनी में स्थित श्याम मंदिर में बाबा श्याम का 12वां दो दिवसीय पाटोत्सव 7 फरवरी से शुरू होगा। श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। पाटोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, गुब्बारों व फूलों से सजाया जा रहा है, वहीं आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। महोत्सव को लेकर 7 फरवरी सुबह 8 बजे से कलकत्ता के सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष शर्मा के सानिध्य में श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया जाएगा। 8 फरवरी को सुबह 9 बजे कंकाली माता मंदिर से विशाल निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्याम मंदिर पहुँचेगी, जहाँ श्रद्धालु बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे, रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें खलीलाबाद उत्तर प्रदेश के सुप्रसिद्ध गायक हरमिंदर सिंह रोमी व मध्य प्रदेश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका कनिका ग्रोवर सहित कई गायक व गायिका बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। समिति के सदस्यों ने बताया कि भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
3/related/default