अलवर: जिले में चल रही SIR प्रक्रिया के अंतर्गत वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए झूठी, निराधार एवं फर्जी आपत्तियां लगाए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी, अलवर ने निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच एवं पारदर्शी कार्यवाही की मांग की है। कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि सुनियोजित एवं संगठित तरीके से मतदाताओं के संवैधानिक मताधिकार को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। कई मामलों में बिना ठोस आधार, बिना मौके की जांच और बिना संबंधित मतदाता को समुचित सुनवाई का अवसर दिए आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अनिवार्य प्रक्रियाओं का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। आवेदन पत्रों (फॉर्म 9, 10, 11 एवं 11-ए) तथा उनसे संबंधित दावे-आपत्तियों की सूची नोटिस बोर्ड पर नियमित रूप से प्रदर्शित नहीं की जा रही है। साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का साप्ताहिक विवरण मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा नहीं किया जा रहा, जो नियमों के खिलाफ है। जिला कांग्रेस कमेटी, अलवर ने मांग की है कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यात्मक जांच कराई जाए, किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे विधिसम्मत सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए तथा विधानसभा और बूथ-वार आपत्तियों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी सूचियों का नियमित प्रकाशन और साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई और लोकतंत्र व मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा नहीं की गई, तो जिला कांग्रेस कमेटी, अलवर द्वारा ठोस एवं आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।