नयाशहर पुलिस की अनूठी पहल: युवा दिवस पर छात्रा को बनाया एक दिन का थानाधिकारी, युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश

AYUSH ANTIMA
By -
0



बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। युवा दिवस के अवसर पर नयाशहर थाना पुलिस द्वारा एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल की गई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़ (बीकानेर) की छात्रा दिया पुरोहित को एक दिन के लिए नयाशहर थाना SHO बनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिसिंग से रूबरू कराना और उनमें नेतृत्व क्षमता व कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।इस पूरे कार्यक्रम में सीओ सिटी अनुज डाल व नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनिया की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में छात्रा दिया को थाने की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, अपराध पंजीकरण, जांच की बारीकियां, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, ट्रैफिक नियंत्रण सहित पुलिस के विभिन्न दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। कविता पुनिया ने स्वयं छात्रा से संवाद कर पुलिस सेवा की चुनौतियों और जिम्मेदारियों को सरल भाषा में समझाया और उसे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।थानाधिकारी कविता पुनिया ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने छात्रा दिया को प्रतीकात्मक रूप से SHO की जिम्मेदारी सौंपते हुए पुलिसिंग के मानवीय और संवेदनशील पक्षों पर भी प्रकाश डाला।मौसम विभाग के पीछे, एमडीवी कॉलोनी निवासी छात्रा दिया पुरोहित, पुत्री नवीन शेखर पुरोहित ने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि थानाधिकारी कविता पुनिया का मार्गदर्शन उनके लिए बेहद प्रेरक रहा। इससे उन्हें पुलिस सेवा को करियर के रूप में अपनाने की नई दृष्टि मिली। विद्यालय की प्राचार्या विनीता तंवर ने भी नयाशहर थाना पुलिस एवं थानाधिकारी कविता पुनिया का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। युवा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ। इस दौरान एक दिन की थानाधिकारी दिया पुरोहित नें साथी छात्राओं के पुलिसिंग से जुड़े सवालों के जवाब दिए और पुलिस की मदद के लिए युवाओं को प्रेरित भी किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!