बीकानेर, (सरजीत सिंह)। बीकानेर के कोलायत व बज्जू ब्लॉक में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के चिकित्सा सलाहकार टीबी द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण किया गया। इस दौरान पीएचसी खारी चारणान, पीएचसी आर डी 820, सीएचसी गौडु एवं उपजिला अस्पताल बज्जू का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की साथ ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सदस्यों को क्षय रोग (टीबी) से संबंधित नवीन जानकारियाँ प्रदान की। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) की प्रमुख प्राथमिकताओं से भी सभी को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. शिवराज से ब्लॉक की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, टीबी कार्यक्रम की प्रगति एवं चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से एक्टिव केस फाइंडिंग, ट्यूबरकुलोसिस प्रिवेंशन थेरेपी (TPT) एवं डिफरेंशिएटेड टीबी केयर (Differentiated TB Care) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसटीएलएस राजेश कुमार रंगा एवं एसटीएस लक्ष्मीकांत छंगाणी भी साथ रहे और उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित फील्ड स्तर की जानकारी साझा की।
यह विजिट जिले में टीबी उन्मूलन प्रयासों को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण रही।