तिजारा पुलिया के पास रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

AYUSH ANTIMA
By -
0



अलवर: शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में तिजारा पुलिया के समीप रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में सोमवार शाम एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया। मृतक की पहचान पवन पुत्र रोशन लाल, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, अलवर के रूप में हुई है। शिवाजी पार्क थाना के हेड कांस्टेबल महेश चंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव का मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक के भाई पिंटू ने बताया कि पवन रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। पिंटू का आरोप है कि कुछ लोग पवन से पैसे मांगने आए थे, जिससे वह तनाव में था। सोमवार शाम पुलिस से मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!