सूरजगढ़ में स्वदेशी मेला कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन

AYUSH ANTIMA
By -
0
      

सूरजगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में आगामी 16 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक सूरजगढ़ में आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले के सफल आयोजन हेतु मेला कार्यालय का उद्घाटन समारोह सोमवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मेला कार्यालय का उद्घाटन महंत बालकनाथ (विधायक तिजारा), महंत सूरजनाथ, लोकेंद्र सिंह नरुका (जयपुर प्रांत समन्वयक), डॉ.अशोक सिंह शेखावत (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झुंझुनूं विभाग संघचालक) एवं नगर पालिका चेयरमैन पुष्पा सेवाराम गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने स्वदेशी आंदोलन की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वदेशी मेले के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों एवं स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध होगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मजबूती मिलेगी। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम कर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना ही देश की आर्थिक मजबूती का आधार है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत बालकनाथ ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच द्वारा किया जा रहा यह प्रयास समाज में आर्थिक राष्ट्रवाद की भावना को जागृत करेगा। वहीं लोकेंद्र सिंह नरुका ने मेले की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि मेले में स्वदेशी, ग्रामीण एवं कुटीर उद्योगों के उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। डॉ.अशोक सिंह शेखावत ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ा विषय है। नगर पालिका चेयरमैन पुष्पा गुप्ता ने नगरवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की। स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि यह मेला 16 से 26 जनवरी तक आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां एवं स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्रीमती संतोष अहलावत, पूर्व विधायक सुभाष पुनिया, बालकृष्ण शर्मा झुंझुनूं विभाग संयोजक, ब्रह्मदत मीणा गुढ़ा झुंझुनूं विभाग सह संयोजक, मेला प्रमुख विक्रम सिंह राठौड़, डॉ.दशरथ सिंह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा के विकास शर्मा, महेंद्र सैनी सेवा भारती, चिड़ावा जिला संघचालक अनिल गुप्ता, सह जिला संघचालक संदीप शर्मा, सूरजगढ़ संघचालक सुरेन्द्र तंवर, बुहाना संघचालक इंद्रपाल यादव, चिड़ावा से प्रभु वर्मा, संत कुमार सैनी, उमराव, जिला प्रचारक योगेश, राकेश शर्मा, कृष्ण सैनी, मनोज शर्मा सहित स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रहित एवं स्वदेशी भाव के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!