*देवधाम जोधपुरिया में भगवान देवनारायण के जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय लक्खी मेला शुरू

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद सैनी): देवधाम जोधपुरिया में भगवान देवनारायण के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय लक्खी मेला महोत्सव का शुभारंभ भव्य ध्वज पूजन के साथ हुआ। ध्वज पूजन हरभांवता आश्रम के संत महामंडलेश्वर बालकानंदगिरी महाराज सहित कई संतों के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न हुआ। मेले के शुभारंभ समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम एवं विधायक रामसहाय वर्मा मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों को शोभायात्रा के दौरान सुसज्जित हाथी पर बिठाया गया। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष नरेश गुर्जर, महामंत्री रतनदीप गुर्जर एवं कोषाध्यक्ष जगदीश नारायण बोकण के सानिध्य में अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संत समागम एवं विशाल ध्वज शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा छौरिया बालाजी धाम से प्रात: 9.30 बजे रवाना होकर लगभग 3 किलोमीटर का सफर तय करते हुए देवधाम जोधपुरिया पहुंची। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, बग्गी, बैंड-बाजे के शाही लवाजमे के साथ श्री दादूदयाल जमात अखाड़ा भी शामिल रहा। भजनों और जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर रहा। शोभायात्रा के दौरान हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भागीदारी निभाई। मंदिर परिसर पहुंचने पर विधिवत आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद शिव मंदिर जोधपुरिया से देवधाम तक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। दोपहर 1.15 बजे मुख्य मंदिर प्रांगण में ध्वज पूजन समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, शोभायात्राएं एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लक्खी मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर भगवान देवनारायण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर कर्मानंद महाराज घाटा करिरिया, विवेकानंद महाराज लुनेरा, ज्ञानानंद महाराज व शिवपाला नन्द महाराज जगतपुरा आश्रम सहित कई संत व श्रद्धालु मौजूद थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!