झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी में नव प्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ.मनोज कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने मुख्य अतिथि के रूप में अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का बेंचमार्क बताते हुए कहा कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक, खेल एवं आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध करा रहा है। आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। साथ ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक पर 11,000 रुपये, रजत पदक पर 7,100 रुपये तथा कांस्य पदक पर 5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। आगे उन्होंने कहा कि “मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित एआईयू कुश्ती प्रतियोगिता में हमारे विश्वविद्यालय के छात्र विजय ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के 250 से अधिक विश्वविद्यालयों ने भाग लिया, जो इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है। उनकी यह सफलता हमारे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मैं विजय को हार्दिक बधाई देता हूँ और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।” इस अवसर पर छात्र विजय को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए ₹5100 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान रैम्प वॉक का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया। पेपर डांस प्रतियोगिता में बालक वर्ग से दीपक एवं आशीष तथा बालिका वर्ग में जीनत एवं विद्या विजेता रहीं। विद्या द्वारा प्रस्तुत स्टैंड-अप कॉमेडी को दर्शकों ने खूब सराहा। अभिमन्यु पाराशर ने सिंघानिया विश्वविद्यालय पर आधारित कविता का सशक्त पाठ किया। वहीं दीपक एवं मनीष द्वारा प्रस्तुत गीतों ने कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्किट भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम के दौरान दुर्गेश, जीनत, दिव्या, विद्या, रितिका और मनीषा ने अपने शानदार नृत्य प्रस्तुति से उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान कैंपस निदेशक प्रो.पीएस जस्सल ने विद्यार्थियों का तहेदिल से स्वागत करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मंच है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में योग्य शिक्षण-कर्मचारी एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिनका विद्यार्थियों को पूर्ण लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर कुलसचिव आई.हाशमी, शैक्षणिक निदेशक डॉ.एसके दुबे एवं प्रो-वाइस चांसलर डॉ.पवन त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम का मंच संचालन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी दुर्गेश और नवीन द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। फ्रेशर सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। श्रेष्ठ नवागंतुक (छात्र) का खिताब आदित्य, एमबीए-प्रथम वर्ष को प्रदान किया गया, जबकि श्रेष्ठ नवागंतुक (छात्रा) के रूप में जीनत, बीए एलएलबी को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सर्वाधिक प्रतिभाशाली (छात्र) का पुरस्कार आशीष, बी.टेक को तथा सर्वाधिक प्रतिभाशाली (छात्रा) का सम्मान अमीशा, एमए योग को मिला। वहीं श्रेष्ठ व्यक्तित्व (छात्र) का खिताब रजनीश, बी.टेक ने अपने नाम किया और श्रेष्ठ व्यक्तित्व (छात्रा) के रूप में यशस्वी, बीबीए को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का एक सराहनीय प्रयास रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ सामूहिक ग्रुप फोटो भी लिया गया। फ्रेशर पार्टी का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जीवन की एक प्रेरणादायक एवं यादगार शुरुआत मिली।