बीकानेर। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि मंगलवार को बज्जू क्षेत्र के दौरे पर रही।
उन्होंने ग्राम पंचायत बज्जू तेजपुरा में जनसुनवाई की तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने समस्त अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र के नागरिकों को बेवजह परेशानी नहीं हो, इसके मध्यनजर उनके प्रत्येक कार्य को नियमसम्मत और समयबद्ध रूप से किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों के पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा, अतिक्रमण हटाने और रास्ता खोलने सहित विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई की।
जिला कलेक्टर ने त्रिस्तरीय जनसुनवाई के बारे में बताया तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इन्हें अविलंब निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे करें तथा ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई करें। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। सर्दी के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जाना। सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और इन्हें प्रचारित करने के लिए कहा।
*विभिन्न कार्यों का किया निरीक्षण*
जिला कलेक्टर में इस दौरान बज्जू ब्लॉक में उप जिला अस्पताल के लिए आवंटित भूमि का अवलोकन किया तथा निर्माण संबंधी कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक घोषणा की समयबद्ध पालना सुनिश्चित की जाए। उपखंड अधिकारी इनकी नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने ग्राम पंचायत बज्जू खालसा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में डीएमएफटी फंड के तहत स्वीकृत टीन शेड निर्माण कार्य तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बागानाडी (करणीनगर) में डीएमएफटी के तहत स्वीकृत दो कमरों मय टीनशेड कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता से किया जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, बज्जू के उपखंड अधिकारी सावरमल रेगर, विकास अधिकारी त्रिभुवन सिंह, तहसीलदार मदन सिंह यादव, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवराज सिद्ध सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।