निवाई (लालचंद सैनी): गांव छोटी बरथल में एक जंगली जानवर ने 13 बकरियों पर हमला करके उनका शिकार कर लिया। इस घटना के बाद से पूरे गाँव में दहशत का माहौल है। पीडित कालू, घनश्याम व केदार मीणा पुत्र सावता बेफलावत ने बताया कि वह मंगलवार की रात को पूरे परिवार के साथ गाँव में आयोजित भेरुजी महाराज के जागरण कार्यक्रम में गया हुआ था। रात में करीब 8 से 12 बजे के बीच सूनेपन का फायदा उठाकर जंगली जानवर बाडे में घुस गया और बाडे में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया, जिससे 13 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। जब परिवार जागरण से वापस लौटा तो बकरियों को लहूलुहान हालत में देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणो ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत वन विभाग के रेंजर धारीलाल बैरवा को दी गई लेकिन कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुँचा। प्रशासन की इस बेरुखी से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। सूचना पर बुधवार को सुबह वन विभाग के रेंजर धारीलाल बैरवा, पशु चिकित्सक डॉ.शिवराज शर्मा, वनपाल रचना खंगार, वनरक्षक रामराज मीणा, रूमाली मीणा, वन मित्र रामप्रसाद गुर्जर, सुवालाल बैरवा, मांगीलाल मीणा व राजेश नायक सहित बरोनी पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली एवं जंगली जानवर के पगमार्ग की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभी तक जंगली जानवर की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व वन विभाग से पीडित परिवार को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलवाने एवं गांव के आस-पास पिंजरा लगाकर जंगली जानवर को जल्द से जल्द पकडवाने की मांग की है, जिससे अन्य मवेशी व ग्रामीण सुरक्षित रह सकें।
छोटी बरथल में जंगली जानवर का कहर, 13 बकरियों को उतारा मौत के घाट
By -
January 21, 2026
0
Tags: