बीकानेर। बीकानेर पान मर्चेंट एसोसिएशन ने पान की नई दरें जारी की हैं, जो आगामी 1 फरवरी 2026 से प्रभावी होंगी। एसोसिएशन द्वारा पान की विभिन्न किस्मों की संशोधित दरें निर्धारित की गई हैं।
नई दरों के अनुसार मद्रास पत्ता सादा ₹20, मीठा पत्ता सादा ₹25, मद्रास नवरतन चटनी पान ₹30 तथा मीठा नवरतन चटनी पान ₹35 में उपलब्ध होगा। इसी तरह मद्रास पत्ता 120 नंबर जर्दा ₹20, मीठा पत्ता 120 नंबर जर्दा ₹25, मद्रास पत्ता 160 नंबर जर्दा ₹35 और मीठा पत्ता 160 नंबर जर्दा ₹40 तय किया गया है। वहीं नवरतन 90 नंबर किमाम की कीमत ₹80 तथा नवरतन चटनी के साथ नवरतन 90 नंबर किमाम ₹90 निर्धारित की गई है।
एसोसिएशन के सचिव विष्णु सांखला ने बताया कि यदि पान के दो टुकड़े करवाए जाते हैं तो उस पर ₹5 अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। नई दरों के अनुसार रेट लिस्ट कार्ड तैयार कर सभी पान की दुकानों पर वितरित किए जाएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि पान की दरों में पिछले 5–6 वर्षों से कोई वृद्धि नहीं की गई थी, जबकि इस अवधि में पान से संबंधित सामग्री की कीमतों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी हो चुकी है। बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए पान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नई दरें तय की गई हैं।