बीकानेर। जिले की कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य पर मूंगफली तुलाई के दौरान भ्रष्टाचार का मामला एक बार फिर उजागर हुआ है। गुरुवार को पूगल रोड स्थित कृषि उपज मंडी में किसानों ने ठेकेदार पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए है । किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर तुलाई के नाम पर खुलेआम “चढ़ावा” मांगा जा रहा है और बिना पैसे दिए उनकी उपज की तुलाई नहीं की जा रही, जिससे वे परेशान और आक्रोशित हैं।
किसानों ने बताया कि मंडी में निर्धारित नियमों और समय-सीमा के बावजूद तुलाई प्रक्रिया को जानबूझकर धीमा किया जाता है। इसके बाद जल्दी तुलाई कराने का लालच देकर उनसे अवैध रूप से रुपए मांगे जाते हैं। मजबूरी में कई किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने के लिए अतिरिक्त राशि देनी पड़ रही है, जिससे समर्थन मूल्य का उद्देश्य ही बेकार होता नजर आ रहा है।
भ्रष्टाचार की जानकारी मिलते ही विधायक जेठानंद व्यास मौके पर पहुंचे और किसानों से पूरी स्थिति जानी। उन्होंने वहीं से संभागीय आयुक्त और कॉपरेटिव सोसायटी के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि मंडी किसानों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनी है, लेकिन यहां खुलेआम लूट की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक किसानों के साथ मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए और दोषी ठेकेदार को तुरंत हटाने तथा तुलाई व्यवस्था पारदर्शी बनाने की मांग की। धरने के कारण कुछ समय के लिए मंडी का कामकाज प्रभावित रहा, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ा।
किसानों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही तुलाई प्रक्रिया में सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। वहीं अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन किसान ठोस कदम उठने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।